News

इसराइली सेना की लेबनान में घुसने की तैयारी, सेना प्रमुख ने क्या बताया



लेबनान के कई इलाक़ों में इसराइल ने हमला किया है.

इसराइली सेना ज़मीन के रास्ते घुसकर लेबनान पर हमला कर सकती है.

इसराइली सेना प्रमुख ने सैनिकों से कहा है कि हिज़्बुल्लाह पर किए हवाई हमलों से ''दुश्मन के इलाके़ में घुसने'' का रास्ता खुल सकता है.

लेफ्टिनेंट जनरल हेज़री हालेवी ने कहा, ''आपने लड़ाकू विमानों की आवाज़ सुनी. हम पूरे दिन हमले करते रहे. इसका मक़सद लेबनान में संभावित तौर पर घुसने का रास्ता खोलना और हिज़्बुल्लाह को निशाना बनाना है.''

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री का कहना है कि 25 सितंबर को किए हवाई हमलों में 50 लोग मारे गए हैं. इसराइल का कहना है कि इन हमलों में हिज़्बुल्लाह के ख़ुफ़िया, लॉन्चर्स और हथियार रखने की जगहों को निशाना बनाया गया.

इस बढ़ते संघर्ष को रोकने के लिए कूटनीतिक स्तर पर कोशिशें की जा रही हैं. फ़्रांस और अमेरिका ने 21 दिन के सीज़फ़ायर का प्रस्ताव दिया है.


इसराइल हमलों पर लेबनान के आम लोग क्या कह रहे हैं?

अमेरिका, यूरोपीय संघ और ब्रिटेन जैसे सहयोगी देशों ने लेबनान और हिज़्बुल्लाह के बीच अस्थायी युद्धविराम लागू करने की मांग की है.

इस मांग के साथ कहा गया है कि 21 दिनों के लिए जंग पर फौरन रोक लगाई जाए ताकि कूटनीतिक तरीक़ों से बातचीत के ज़रिए समाधान निकाला जा सके और ग़ज़ा में युद्धविराम हो सके.

इस साझा बयान के मुताबिक़, युद्ध को बर्दाश्त नहीं कर सकते और इससे हालात और बिगड़ेंगे, जिससे न इसराइल का फ़ायदा है और न लेबनान का.



इसराइली सेना क्या करना चाहती है?


लेफ्टिनेंट जनरल हालेवी ने जो कुछ कहा. उसके साफ़ संकेत यही हैं कि लेबनान में इसराइली सेना दाखिल होकर हमला कर सकती है.

इसराइल डिफेंस फोर्स यानी आईडीएफ के बयान के मुताबिक़, ''हम उन पर हमला बोलते रहेंगे और ये हमले हर तरफ़ से होंगे.'' ये बातें इसराइल के उत्तरी बॉर्डर पर एक अभ्यास के दौरान सैनिकों से कही गई.

सेना के बयान में कहा गया, ''लक्ष्य साफ़ है कि नागरिकों की उत्तरी इलाक़े में वापसी हो. इसे हासिल करने के लिए हम प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं. इसका मतलब ये होगा कि आपके क़दम दुश्मन की सरहद में दाखिल होंगे.''

लेफ्टिनेंट जनरल हालेवी ने कहा- हमारे सैनिक दुश्मन और उसके ठिकानों को बर्बाद कर देंगे.

ऐसा कोई संकेत नहीं था कि इसराइल लेबनान में घुसना चाह रहा है. अमेरिका ने भी 25 सितंबर को कहा था कि ऐसा नहीं लगता कि इसराइल लेबनान में जल्दी घुसेगा.

लेकिन इसराइली सेना प्रमुख के बयान ने स्थिति साफ़ कर दी. ये बयान सेना की दो रिज़र्व ब्रिगेड को उत्तरी मोर्चे पर बुलाने के बाद दिया गया.

Via BBC

No comments