विपक्ष के गठबंधन इंडिया में शामिल नहीं होने पर ओवैसी ने क्या कहा?
बेंगलुरु में बीजेपी के ख़िलाफ़ एकजुट हुई पार्टियों की दो दिन चली बैठक मंगलवार को ख़त्म हुई. बैठक में इस गठबंधन को इंडिया नाम दिया गया.
इस बैठक में जो राजनीतिक दल शामिल हुए, वो कभी एक-दूसरे के विरोधी थे मगर अब साथ आने को तैयार दिख रहे हैं.
इस लिस्ट में अहम नाम कभी कांग्रेस के विरोधी रही अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी का भी है.
विपक्षी दलों के इस गठबंधन में असदउद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम शामिल नहीं है. न ही ओवैसी पटना या बेंगलुरु वाली बैठक में गए थे.
ऐसे में सवाल ये है कि अक्सर बीजेपी को घेरने वाले ओवैसी इस विपक्षी गठबंधन इंडिया का हिस्सा क्यों नहीं हैं?
एआईएमआईएम प्रवक्ता वारिस पठान ने कहा, ''जो तथाकथित सेक्युलर पार्टियां हैं, वो दिन बेंगलुरु में रहीं. हमको तो नहीं बुलाया. हम तो इनके लिए राजनीतिक रूप से अछूत हैं. देखने वाली बात ये है कि वहां महबूबा मुफ्ती, उद्धव ठाकरे, नीतीश कुमार बैठे हुए हैं, ये सब बीजेपी के साथ थे. अब अचानक से सब सेक्युलर हो गए.''
वारिस पठान बोले, ''गुजरात चुनाव में कांग्रेस को गाली देने वाले अरविंद केजरीवाल वहां बैठे दिख रहे हैं. ये बोल रहे हैं कि संविधान बचाना है, बीजेपी को हराना है. हमारी भी तो यही कोशिश है कि बीजेपी हारे और 2024 में मोदी प्रधानमंत्री ना बनें. हम पूरी तरह से लगे हुए हैं. मगर आप हमको नज़रअंदाज़ कैसे कर सकते हैं? जो एक आदमी पूरे देश में समान नागरिक संहिता के ख़िलाफ़ लड़ रहा है आपको वो असदउद्दीन ओवैसी साब नहीं दिखते. आपको मुसलमानों का वोट तो चाहिए लेकिन उनका राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं चाहिए.''
वारिस पठान बोले, ''आप हमारे साथ आओ या ना आओ, हम तो लड़ाई लड़ते रहेंगे.''
BBC
No comments