News

ज्ञानवापी सर्वे मामला: हाई कोर्ट के आदेश के ख़िलाफ़ मुस्लिम पक्ष सुप्रीम कोर्ट पहुंचा



इलाहाबाद हाई कोर्ट की ओर से वाराणसी के ज्ञानवापी मस्जिद के सर्वे की अनुमति देने के बाद गुरुवार को मुस्लिम पक्ष यानी अंजुमन इंतेज़ामिया मस्जिद समिति ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया है.

समिति ने कोर्ट से भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सर्वे को बंद कराने की अपील की है.

कोर्ट में वकील निज़ाम पाशा ने ये मामला चीफ़ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यों की संविधान बेंच के सामने रखा. ये बेंच जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने से जुड़ी याचिकाओं की सुनवाई कर रही थी.

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, जब ये बेंच दिन की सुनवाई पूरी कर जाने वाली थी उसी वक्त निज़ाम पाशा ने ज्ञानवापी मामले को कोर्ट में पेश किया और बेंच से मामले की जल्द सुनवाई की गुहार लगाई.

निज़ाम पाशा ने कहा, "इलाहाबाद हाई कोर्ट ने आज ही ऑर्डर जारी किया है. आदेश के ख़िलाफ़ हमने स्पेशल लीव पीटिशन दी है. मैंने एक ईमेल लिख कर भी जल्द इस मामले की सुनवाई की गुज़ारिश की है. उन्हें सर्वे पर आगे बढ़ने नहीं दिया जाना चाहिए..."

No comments