निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं की सुलभता सुनिश्चित करे आयोग: समाजवादी पार्टी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी उ0प्र0 लखनऊ को ज्ञापन देकर शिकायत की है कि मैनपुरी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में समाविष्ट मैनपुरी विधानसभा, करहल विधान सभा, भोगांव विधानसभा, किशनी विधानसभा में नो-मैपिंग के मतदाताओं की सुनवाई के लिए मतदाताओं के निकटतम स्थल पर सुनवाई स्थल बनाये जायें और सुनवाई अधिकारियों (A-E-R-Os) की संख्या और अधिक बढ़ाई जाये तथा एसआईआर प्रक्रिया की प्रथम चरण की तरह बी.एलओ. मतदाताओं के घर-घर जाकर नो-मैपिंग की नोटिस का वितरण करें और मतदाताओं से दस्तावेज एकत्रित कर के सुनवाई अधिकारियों को दें। जिससे मतदाताओं को सुविधा पूर्वक सुनवाई स्थल तक पहुँचने में परेशानी एवं कठिनाई न हो और एसआईआर प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हो सके।
ज्ञापन में कहा गया है कि मैनपुरी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र की सांसद श्रीमती डिम्पल यादव ने लिखित शिकायत किया है कि संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में समाविष्ट मैनपुरी विधान सभा, करहल विधान सभा, भोगांव विधान सभा, किशनी विधान सभा में नो-मैपिंग के मतदाताओं की सुनवाई के लिए 10-15 कि0मी0 दूर सुनवाई स्थल बना दिये गये है, जिससे मतदाताओं को सुनवाई स्थल तक पहुँचने में बहुत कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। सुनवाई अधिकारी (A-E-R-Os) एक बार में अपने सम्पूर्ण क्षेत्र में 150 मतदाताओं को नोटिस जारी कर रहे है, तथा नोटिस निस्तारण के लिए एक सप्ताह का समय निर्धारित किया जा रहा है। नोटिस निस्तारण की यह गति बहुत धीमी है। इस गति से निर्धारित समय सीमा में नोटिस का निस्तारण सम्भव नहीं लग रहा है। एसआईआर प्रक्रिया के प्रथम चरण में जिस प्रकार बी.एल.ओ. मतदाताओं के घर-घर जा कर गणना प्रपत्र का वितरण कर रहे थे और गणना प्रपत्र एकत्र कर रहे थे उसी प्रकार बी.एल.ओ. द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को नोटिस देने और मतदाताओं से दस्तावेज लेने की प्रक्रिया अपनाई जाये जिससे कि मतदाताओं को कठिनाई और असुविधा न हो।
मैनपुरी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में सभी विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र में सुनवाई अधिकारियों (A-E-R-Os) की संख्या बढ़ाई जाये और सुनवाई स्थल मतदाताओं के निकटतम स्थल पर बनाया जाये जिससे कि मतदाता सुविधा पूर्वक सुनवाई स्थल पर उपस्थित हो सकें।
मैनपुरी लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र में समाविष्ट भोगांव विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र में मोहल्ला मिर्धा में 2003 की मतदाता सूची उपलब्ध न होने के कारण 400 से अधिक मतदाताओं के नाम गायब हो गये इसमें बी.एल.ओ. और सुपरवाइजर का नाम भी 2003 की मतदाता सूची से गायब है, इन लोगों का 2003 की मतदाता सूची उपलब्ध नहीं होने के कारण उनसे दस्तावेज की माँग की जा रही है। जबकि जिला निर्वाचन अधिकारी और ई.आर.ओ. की लापरवाही और गलती के कारण 2003 की मतदाता सूची मोहल्ला मिर्धा की उपलब्ध नहीं कराई गई जिला निर्वाचन अधिकारी और ई.आर.ओ. से कई बार अब तक लिखित शिकायत की गई लेकिन 2003 की मतदाता सूची अभी तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। इन मतदाताओं की 2003 की मतदाता सूची तत्काल उपलब्ध करा दी जाये। जिससे कि इन्हे अकारण व अनावश्यक दस्तावेज जमा न करना पड़े।
ज्ञापन को सौंपते हुए श्री के.के. श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चन्द्र सिंह और श्री राधेश्याम सिंह ने त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
No comments