AIMIM का विस्तार: मुजीबुर रहमान को सदर और डॉ. सरताज को मोहम्मदी की कमान, मेराज खान बने यूथ जिला सचिव।
मुजीबुर रहमान खान एआईएमआईएम के लखीमपुर सदर विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त
लखीमपुर खीरी।
मंगलवार को जिला कार्यालय एआईएमआईएम, लखीमपुर खीरी में पार्टी का एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत करना तथा जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता को बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर पार्टी नेतृत्व द्वारा सदर विधानसभा लखीमपुर से मुजीबुर रहमान खान को विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं विधानसभा मोहम्मदी से डॉ. सैयद सरताज हुसैन को कार्यवाहक विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही संगठन के युवा मोर्चे को सशक्त करने के लिए मेराज खान को यूथ जिला सचिव मनोनीत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेंट्रल जोन के प्रदेश उपाध्यक्ष उस्मान सिद्दीकी उपस्थित रहे। उनके साथ जिला अध्यक्ष मोहम्मद नसीम, यूथ जिला अध्यक्ष आसिफ अहमद उर्फ आशु, जिला महासचिव मोहम्मद हनीफ सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
नव-नियुक्त विधानसभा अध्यक्ष मुजीबुर रहमान खान ने अपने संबोधन में कहा कि मजलिस सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि दबे-पिछड़े, मजलूमों, दलितों और मुसलमानों के हक़ की लड़ाई लड़ने वाला एक मजबूत मंच है। यह पार्टी उन लोगों की आवाज़ है जिन्हें वर्षों से हाशिये पर रखा गया। मजलिस ने हमेशा आवास, शिक्षा, रोज़गार और सम्मान के साथ जीने के अधिकार के लिए संघर्ष किया है और आगे भी पूरी ताक़त के साथ इस लड़ाई को जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका वह पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा लखीमपुर सदर विधानसभा में पार्टी को और मजबूत करने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपस्थित नेताओं ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगा। कार्यक्रम का समापन संगठन की मजबूती और सामाजिक न्याय के संकल्प के साथ किया गया।
No comments