News

प्रबन्धन अपनी अपील पर करे ठोस कार्यवाही: बिजली अभियन्ता ‘संवाद से समाधान’ के मंत्र पर हैं कायम

प्रबन्धन अपनी अपील पर करे ठोस कार्यवाही: बिजली अभियन्ता ‘संवाद से समाधान’ के मंत्र पर हैं कायम: अभियन्ताओं की समस्याओं के शीघ्र निराकरण हेतु सार्थक पहल हो: प्रबन्धन के उपेक्षात्मक रवैये एवं संवादहीनता के कारण अभियन्ता आन्दोलन जारी रखने हेतु हैं बाध्य: बिजली संकट पर मा0 मुख्यमंत्री द्वारा त्वरित कार्यवाही किये जाने का स्वागत: बिजली संकट को देखते हुए ऊर्जा निगमों में औद्योगिक अशान्ति समाप्त करने हेतु मा0 मुख्यमंत्री जी से हस्तक्षेप की अपील:
लम्बित ज्वलन्त समस्याओं का समाधान न होने से विगत 08 दिन से आन्दोलनरत ऊर्जा निगमों के बिजली अभियन्ताओं ने आज भी दो घण्टे का कार्य बहिष्कार कर पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन कर मांग की कि प्रबन्धन द्वारा समाचार पत्रों के माध्यम से की गयी वार्ता की अपील पर ठोस कार्यवाही कर सार्थक पहल करे क्यांेकि बिजली अभियन्ता हमेशा से ‘संवाद से समाधान’ के मंत्र पर अभी भी कायम हैं परन्तु ठोस पहल प्रबन्धन को ही करनी होगी। प्रबन्धन को अड़ियल रवैया छोड़कर ऊर्जा निगमों में औद्योगिक अशान्ति समाप्त कर वर्तमान बिजली संकट दूर करने में सबका सहयोग लेने के प्रयास करने चाहिए। अभियन्ताआंे ने घोषणा की है कि यदि अभियन्ताओं की समस्याओं पर ठोस कार्यवाही न हुई तो 18 अक्टूबर से वर्क टू रूल आन्दोलन प्रारम्भ कर 03 घण्टे का कार्य बहिष्कार कर विरोध किया जायेगा। 
विद्युत अभियन्ता संघ के अध्यक्ष वी0पी0 सिंह ने कहा कि वर्तमान बिजली संकट में सभी अभियन्ता निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित किये जाने हेतु अथक प्रयास कर रहे हैं ब्रेकडाउन आदि शीघ्रातिशीघ्र अटेण्ड किये जा रहे हैं जिससे प्रदेश के उपभोक्ताओं को वर्तमान बिजली संकट में राहत मिले परन्तु खेद का विषय है कि जहां एक ओर ऊर्जा निगमों के कुप्रबन्धन के कारण प्रदेश में उत्पन्न बिजली संकट से आम जनजीवन पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है वहीं दूसरी ओर ऊर्जा निगम प्रबन्धन के अड़ियल एवं उपेक्षात्मक रवैये के कारण ऊर्जा निगमों में बिजली अभियन्ता एवं अन्य कर्मचारी आन्दोलन हेतु बाध्य हैं। इसके लिए ऊर्जा निगमों का शीर्ष प्रबन्धन पूर्ण रूप से जिम्मेदार है। शीर्ष प्रबन्धन द्वारा अपने पूरे कार्यकाल में मात्र अभियन्ताओं को प्रताड़ित करने एवं दण्डित करने तथा पदोन्नतियां रोकने में ही पूरा समय व्यतीत किया गया है जिससे अन्य नियोजन एवं तकनीकी कार्य बुरी तरह प्रभावित हुए हैं और प्रदेश को बिजली संकट झेलना पड़ रहा है जिससे सरकार की छवि पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। 
अभियन्ता संघ के महासचिव प्रभात सिंह ने बताया कि संघ का मानना है कि ‘संवाद से समाधान’ के मूल मंत्र से सभी समस्याओं का हल निकल सकता है एवं संघ आज भी इस पर कायम है परन्तु प्रबन्धन द्वारा मात्र अखबारों के माध्यम से वार्ता की अपील की जा रही है जो हास्यास्पद है। प्रबन्धन द्वारा फिजूलखर्ची कर फर्जी कन्सलटेंटों के सहारे ऊर्जा निगमों को मनमाने ढंग से चलाने के मंत्र के चलते प्रदेश की जनता बिजली संकट झेल रही है एवं बिजली अभियन्ताओं सहित अन्य कर्मचारी ध्यानाकर्षण आन्दोलन हेतु बाध्य हैं जिससे ऊर्जा निगमों में औद्योगिक अशान्ति है। 
पदाधिकारियों ने आगे कहा कि प्रबन्धन को अभियन्ताओं की ज्वलन्त समस्याओं जैसे - यू0पी0एस0ई0बी0लि0 का गठन किये जाने, पदोन्नति नियमों में किये गये प्रतिगामी परिवर्तन वापस लेने, कैशलेस मेडिकल सुविधा दिये जाने, उत्पादन निगम में 2008 एवं 2011 बैच के अभियन्ताओं की पदोन्नतियां किये जाने, पावर कारपोरेशन में सभी रिक्त पदों पर पदोन्नतियां करने, वर्ष 2000 के बाद नियुक्त अभियन्ताओं के लिए पुरानी पेंशन प्रणाली लागू करने, निदेशक अथवा अन्य पदों पर कार्य करने 60 वर्ष की अधिकतम आयु सीमा निश्चित किये जाने, ग्रेटर नोएडा के निजीकरण व आगरा के फ्रेंचाइजीकरण रद्द किये जाने, सहायक अभियंताओं का नियुक्ति ग्रेड पे 6600 किये जाने, तृतीय ए सी पी पर ग्रेड-पे 11000 का वेतनमान देने सहित अन्य वेतन विसंगतियां दूर की जाए, इंजीनियर प्रोटेक्शन एक्ट लागू किये जाने, उत्पादन निगम में लम्बित उत्पादन प्रोत्साहन भत्ते के शीघ्र भुगतान किये जाने जैसी ज्वलन्त एवं न्यायोचित मांगों पर तत्काल ठोस कार्यवाही करते हुए उनका निराकरण किया जाना चाहिए। 
उन्होंने आगे बताया कि दिनांक 13 अक्टूबर,2021 को भी अपराह्न 03 बजे से सायं 05 बजे तक 02 घण्टे का कार्य बहिष्कार कर प्रदेशव्यापी विरोध सभाये की जायेंगी। समस्याआंे के सार्थक समाधान न होने तक शान्तिपूर्ण ध्यानाकर्षण आन्दोलन जारी रहेगा और इसी क्रम में 18 अक्टूबर से वर्क टू रूल करते हुए तीन घण्टे का कार्य बहिष्कार किया जायेगा। बिजली अभियंताओं की लंबित ज्वलंत समस्याओं के निराकरण एवं ऊर्जा निगमों में औद्योगिक अशान्ति समाप्त के लिए मा०ऊर्जा मंत्री जी और मा० मुख्यमंत्री जी से प्रभावी हस्तक्षेप करने की अपील की। 

No comments