विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस विशेषजीवन दर्शन और व्यवहार जितना स्पष्ट व सरल रहता है,मानसिक स्वास्थ्य उतना ही बेहतर रहता है : डॉक्टर सुभाष चन्द्रा
लखीमपुर खीरी
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी शहर स्थित युवराज दत्त महाविद्यालय में 10 अक्टूबर शनिवार को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सबके लिए मानसिक स्वास्थ्य विषय पर चौपाल का आयोजन किया गया. बताते चलें कि शनिवार 10 अक्टूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की टैगोर इकाई के स्वयंसेवकों ने एनएसएस प्रभारी डॉ सुभाष चंद्रा के निर्देशन में सबके लिए मानसिक स्वास्थ्य विषय पर चौपाल का आयोजन किया. चौपाल में बीएड विभागाध्यक्ष एवं मनोविज्ञान विशेषज्ञ डॉ विशाल द्विवेदी ने मेडिटेशन के अभ्यास के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि यदि हम इंद्रियों को प्रशिक्षित कर मन पर नियंत्रण रखें तो मानसिक स्वास्थ्य सही रहेगा. साथ ही उन्होंने उपस्थित स्वयंसेवकों व विद्यार्थियों की कोविड महामारी के दौरान उत्पन्न मानसिक समस्याओं से संबंधित प्रश्नों के उत्तर दिए. चौपाल में परिचर्चा करते हुए अंग्रेजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ नीलम त्रिवेदी ने कहा कि साहित्य और कला का अध्ययन हमेशा से ही मानसिक ग्रंथियों के निवारण में दवा की भूमिका निभाता रहा है. हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ सत्येंद्र कुमार दुबे ने कहा कि अपने स्व में स्थित होना ही स्वस्थ होना कहलाता है. असिस्टेंट प्रोफेसर जंतु विज्ञान डॉ ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि हमें अपने परिस्थितिकीय परिवेश के अनुकूल क्षमता को विकसित कर जीवन सुरक्षा करनी चाहिए.
चौपाल की अध्यक्षता करते हुए डॉ अजय आगा ने कहा कि जिंदगी के उतार-चढ़ाव में सामान्य रूप से जीवन व्यतीत करते रहना ही जीवन की सफलता है. सभी स्वयंसेवक वैश्विक महामारी कोविड-19 के द्वारा उत्पन्न विषम परिस्थितियों में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े और लोगों को मानसिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास करें. चौपाल का संचालन करते हुए डॉ सुभाष चंद्रा ने कहा कि जीवन दर्शन और व्यवहार जितना स्पष्ट व सरल रहता है, मानसिक स्वास्थ्य उतना ही बेहतर रहता है. इसी क्रम में उन्होंने स्वयंसेवकों व उपस्थित लोगों को अभिप्रेरित करते हुए कहा कि वर्तमान में वैश्विक महामारी कोरोना ने लोगों में डर चिंता भय और अनिश्चितता का माहौल बना दिया है. ऐसे में मानसिक तनाव पर नियंत्रण के लिए शारीरिक व्यायाम मेडिटेशन का अभ्यास आहार पर विशेष ध्यान पुस्तकों के अध्ययन के साथ भावनात्मक उथल-पुथल से दूर परिवार और दोस्तों के संपर्क में रहते हुए अहंकार एवं हठधर्मिता कम कर सामुदायिक सेवा से जुड़े और ऐसा कोई भी काम ना करें जिससे स्वयं के अंदर डर पैदा हो और आत्म विश्वास कम हो मन वचन व कर्म से सकारात्मक बने रहें.
No comments