लखीमपुर खीरी : छोटे व्यापारियों के साथ अन्याय, ऋण न मिलने पर व्यापारी ने की शिकायत – बैंक ने औपचारिक निस्तारण कर पल्ला झाड़ालखीमपुर खीरी।
📰 लखीमपुर खीरी : छोटे व्यापारियों के साथ अन्याय, ऋण न मिलने पर व्यापारी ने की शिकायत – बैंक ने औपचारिक निस्तारण कर पल्ला झाड़ा
लखीमपुर खीरी।
जिले के थरबरनगंज क्षेत्र निवासी यासिर, जो Acme Garments नामक फर्म का संचालन करते हैं, ने अपने व्यवसाय के संचालन एवं विस्तार हेतु छोटे ऋण (Small Loan) की मांग कई बैंकों से की थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, आईडीबीआई बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, जिला सहकारी बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया समेत अन्य बैंकों से संपर्क किया, परन्तु सभी ने उन्हें यह कहते हुए ऋण देने से मना कर दिया कि “छोटे ऋण उपलब्ध नहीं कराए जाते।”
व्यापारी यासिर का आरोप है कि उचित सिबिल स्कोर होने और कभी भी किसी प्रकार का लोन सेटलमेंट न करने के बावजूद उन्हें मनचाहा ऋण नहीं दिया गया। मजबूर होकर उन्होंने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) पर शिकायत दर्ज कराई।
हालांकि, हैरानी की बात यह रही कि बैंक की ओर से दिए गए निस्तारण पत्र में केवल यही कहा गया कि शिकायतकर्ता अपने नजदीकी बैंक/शाखा से संपर्क करें। इससे साफ प्रतीत होता है कि मामले का वास्तविक समाधान करने के बजाय मात्र औपचारिक कार्रवाई कर पल्ला झाड़ लिया गया।
शिकायतकर्ता ने कहा कि सरकार द्वारा स्वरोजगार बढ़ाने और छोटे उद्यमियों को सहयोग देने की घोषणाओं के बावजूद, यदि बैंक इस तरह उदासीन रवैया अपनाते हैं तो छोटे व्यापारियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ेगा।
यह मामला न केवल एक व्यापारी की समस्या है, बल्कि जिले भर के उन छोटे कारोबारियों की भी आवाज़ है जो बैंकिंग सिस्टम की लापरवाही और मनमाने निस्तारण से परेशान हैं।
No comments