देश के सौहार्द को नष्ट करने वाले तत्वों पर भारत सरकार लगाए रोक : देवबंद
तबलीगी जमात के वह लोग जो 1 मार्च के बाद मरकज़ निजामुद्दीन होकर आए हैं वह स्वयं आगे आकर कोरोना वायरस के संबंध में स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर मेडिकल जांच कराएं..
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के देवबंद स्थित दारुल उलूम मदरसे के मोहतमिम (कुलपति) मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी ने कहा कि कोरोना वायरस इस वक्त एक वैश्विक समस्या बना हुआ है. इस कोरोना वायरस की जद में दुनिया के कई मुल्क हैं. भारत देश भी इस महामारी से लड़ रहा है. इसलिए अपनी और अपने समाज की सुरक्षा के लिए सावधानी बरतना हर तरीके से आवश्यक है. लिहाजा भारत के लोगों से अपील है कि वह मेडिकल जांच कराने में शासन प्रशासन के प्रतिरोध के बजाय उनका सहयोग करें और तबलीगी जमात से जुड़े लोगों से भी अपील की जाती है कि जो लोग 1 मार्च के बाद मरकज निजामुद्दीन (दिल्ली) जा कर आए हैं अब वह कहीं भी हो खुद आगे आएं और कोरोना वायरस के बारे में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करके मेडिकल जांच कराएं.
मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी ने आगे कहा कि तबलीगी जमात के मरकज निजामुद्दीन (दिल्ली) के जो हालात अभी तक सामने आए हैं वह हर एतबार से चिंताजनक हैं और ऐसी कठिन परिस्थितियों में पूरी दुनिया कोरोना वायरस से पहले ही बीमारी का सामना कर रही है, वही हमारे देश के कुछ प्रदूषित मानसिकता के लोग इसमें भी धार्मिक घृणा का जहर घोल रहे हैं. उन्होंने कहा कि हम ऐसे तत्वों की कड़ी निंदा करते है मुफ़्ती नोमानी ने भारत सरकार से मांग की है कि वह इस संबंध में वास्तविक स्थिति के अनुसार ऐसे तत्व जो देश के सौहार्द को नष्ट करने में लगे हुए हैं उन पर रोक लगाई जाए. उन्होंने आगे कहा कि विशेष रूप से देश और विदेश के लोगों को जो कोरोना वायरस से खतरे में घिरे हुए हैं, उन पर कानूनी कार्रवाई करने के बजाय मानवीय रिश्तों का फर्ज निभाते हुए उनके इलाज और सहायता के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं.
No comments