News

लॉक डाउन का पालन करते हुए मुस्लिम समाज शबे बारात पर घरों में ही करे इबादत : देवबंद

उत्तर प्रदेश के जनपद सहारनपुर के देवबंद स्थित दारुल उलूम के मोहतमिम (कुलपति) अबुल कासिम नोमानी ने कहा कि 9 अप्रैल दिन गुरुवार को शाबान की 14 तारीख है, इस एतबार से गुरुवार और शुक्रवार के बीच की रात शबे बारात है. इस रात में ज़िक्र व इबादत दुआ और इस्तगफार की कसरत और अगले दिन रोजा रखने की फजीलत हदीस से साबित है, लेकिन कोई अमल सामूहिक रूप में करने का कोई सबूत नहीं है, इसलिए रात में कब्रिस्तान जाने की हिदायत भी नहीं दी गई है,  सिर्फ एक बार अकेले कब्रिस्तान में जाना अल्लाह के रसूल (सलo) से साबित है. इसके बावजूद बहुत से लोग कब्रिस्तान या मस्जिदों में सामूहिक रूप से जाते हैं और विभिन्न तरह की इबादते करते हैं. इसलिए सभी मुस्लिम भाइयों से अपील की जाती है कि जरूरी इबादत (जमात से नमाज और जुमा) आदि के लिए भी जाने की मनाही है. शबे बरात में मस्जिदों या कब्रिस्तान में जाने का इरादा भी ना करें. अपने बच्चों और युवाओं को बाहर निकलने के लिए रोके. रोशनी या पटाखा बाज़ी जैसी रस्में और गुनाहों से पूरा एहतियात करें और अपनी अपनी तौफीक के अनुसार रात में नवाफिल और दुआ व इस्तगफार का एहतमाम हमेशा की तरह घरों में रहकर करें और 15 शाबान के रोजे का एहतमाम करें. 
  अबुल कासिम नोमानी ने आगे कहा कि कोरोना वायरस के खतरे के तहत दुनिया के अधिकांश देशों की तरह हमारे भारत देश में भी लॉक डाउन लागू किया गया है,  जिसके 14 दिन हो चुके हैं. लेकिन अभी तक कुछ लोगों के बारे में यह शिकायत सुनने में आती है कि वह कभी-कभी इस प्रतिबंध के खिलाफ आवाज उठाते हैं. शायद ऐसे लोग इन प्रतिबंधों को केवल सरकार की नीति के रूप में देखते हैं. मुफ्ती अबुल कासिम ने मुस्लिम समाज से आग्रह करते हुए कहा कि सरकारी कानूनों का पालन करना भी हमारी अखलाकी व शरई जिम्मेदारी है. खासकर इस सूरत में की सरकारी प्रतिबंधों का उद्देश्य नागरिकों की रक्षा करना है और महामारी बीमारियों के संबंध में शरीयत की हिदायत भी यही  है कि जहां पाबंदी हो वहां के लोग बाहर ना जाएं और बाहर के लोग वहां ना जाए इसके संबंधित मोहम्मद साहब की बहुत सी हदीसे हजरत उमर फारूक रज़ि और दूसरे बहुत से सहाबा इकराम के तरीकों से यही रहनुमाई मिलती है. इसलिए वर्तमान स्थिति में सावधानी बरतना और घरों तक सीमित रहना शरई और  कानूनी दोनों एतबार से महत्वपूर्ण है. इसलिए तमाम मुसलमान इन पाबंदियों का उल्लंघन करने से बचे और हिफाजत व इलाज आदि से भी लापरवाही न करें यह उपाय करना भी शरीयत के हुक्म की तामील है..ll

No comments